मुंबई में झमाझम बारिश पर भारी शिवभक्ति का जुनून, Shivashree Ritu Singh के कार्यक्रम में भारी भीड़

मुंबई: महानगर मुंबई में आयोजित आध्यात्मिक कार्यक्रम ‘द रिदम ऑफ शिवा’ ने यह साबित कर दिया कि सच्ची आस्था के सामने मौसम की बाधाएं भी छोटी पड़ जाती हैं। कार्यक्रम के दिन हुई मूसलाधार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में शिवभक्त आयोजन स्थल पर पहुंचे और पूरे उत्साह के साथ भगवान शिव की आराधना एवं आध्यात्मिक प्रवचनों का लाभ उठाया। देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं के अलावा उद्योग, सामाजिक और मनोरंजन जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग भी इस विशेष आयोजन का हिस्सा बने।

इस भव्य कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य शिवाश्री ऋतु सिंह (Shivashree Ritu Singh) थीं। आयोजन का संचालन अभिनेत्री संगीता कपूरे ने संयोजक के रूप में किया, जबकि गौरव शर्मा इसके आयोजक रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार, दीप प्रज्ज्वलन और भगवान शिव के विधिवत पूजन के साथ हुई। अपने प्रेरणादायी संबोधन में शिवाश्री ऋतु सिंह ने भगवान शिव के आध्यात्मिक स्वरूप, उनकी उपासना के महत्व और जीवन में आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भगवान शिव केवल विनाश के प्रतीक नहीं, बल्कि करुणा, ज्ञान, कल्याण और आत्मबोध के सर्वोच्च स्वरूप हैं। श्रद्धा, विश्वास और सही विधि से की गई शिव आराधना व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है।

अपने प्रवचन के दौरान उन्होंने 'शिव' और 'शंकर' के बीच के आध्यात्मिक अंतर को भी सरल भाषा में समझाया। साथ ही सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही अप्रमाणिक धार्मिक जानकारियों पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों से आग्रह किया कि वे किसी भी आध्यात्मिक जानकारी को स्वीकार करने से पहले उसके शास्त्रीय आधार और प्रमाण अवश्य जांचें।

कार्यक्रम का प्रश्नोत्तर सत्र भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। श्रद्धालुओं ने अपने व्यक्तिगत जीवन से जुड़े प्रश्न लिखित रूप में पूछे, जिनका उत्तर शिवाश्री ऋतु सिंह ने ज्योतिषीय विश्लेषण और जन्मपत्रिका के आधार पर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य, करियर, विवाह, पारिवारिक जीवन, आर्थिक उन्नति और मानसिक तनाव जैसे विषयों पर व्यावहारिक आध्यात्मिक एवं ज्योतिषीय समाधान साझा किए।

आगामी सावन मास का उल्लेख करते हुए  Shivashree Ritu Singh ने कहा कि यह भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने का अत्यंत शुभ काल है। इस अवधि में श्रद्धा और नियमपूर्वक की गई पूजा-अर्चना तथा छोटे-छोटे आध्यात्मिक उपाय भी जीवन की अनेक बाधाओं को दूर करने में सहायक सिद्ध हो सकते हैं।

इस अवसर पर आध्यात्मिक गुरु आदियोगी गौतम स्वामी जी, सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के राजाराम देशमुख, मुंबई के प्रमुख उद्योगपति, विभिन्न क्षेत्रों के प्रोफेशनल्स, सामाजिक प्रतिनिधि और बॉलीवुड से जुड़ी कई हस्तियां भी मौजूद रहीं। सभी अतिथियों ने इस आयोजन को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण एवं प्रसार की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान शिव की आराधना कर विश्व शांति, मानव कल्याण और समृद्धि की कामना की। ‘द रिदम ऑफ शिवा’ ने आध्यात्मिक ज्ञान, ज्योतिषीय मार्गदर्शन और सनातन संस्कृति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के अपने उद्देश्य को सफलतापूर्वक साकार किया।

Share This Article
You Might Read: Santy Sharma ने वायरल 'Cockroach Janata Party' ट्रेंड पर तीखी टिप्पणी की; किया "जिम्मेदार राष्ट्रवाद" का आह्वान

Leave a Comment