लखनऊ। देश की मीडिया और सांस्कृतिक दुनिया के लिए 13 मार्च 2026 का दिन खास होने जा रहा है। गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होने वाले भव्य ‘हम भारत के लोग’ मीडिया कॉनक्लेव के मंच पर सुप्रसिद्ध क्राइम न्यूज़ एंकर, अभिनेता और लोकप्रिय कार्यक्रम ‘सनसनी’ के प्रस्तोता श्रीवर्धन त्रिवेदी को काशी हिंदी विद्यापीठ द्वारा विद्यावाचस्पति की मानद उपाधि से अलंकृत किया जाएगा। यह आयोजन ‘आज की खबर’ न्यूज़ चैनल के तत्वावधान में हो रहा है, जबकि कार्यक्रम का निर्देशन बॉलीवुड के चर्चित निर्देशक दुष्यंत प्रताप सिंह कर रहे हैं।
यह सम्मान श्रीवर्धन त्रिवेदी को पत्रकारिता और अभिनय के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान तथा विशिष्ट प्रस्तुति शैली के लिए प्रदान किया जा रहा है। काशी हिंदी विद्यापीठ की ओर से जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार, देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले विशिष्ट नागरिकों को इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा, जिनमें श्रीवर्धन त्रिवेदी का नाम प्रमुखता से शामिल है।
1994 में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से स्नातक श्रीवर्धन त्रिवेदी ने अपने करियर की शुरुआत रंगमंच से की थी, लेकिन उन्हें व्यापक पहचान मिली टेलीविजन पत्रकारिता में। एबीपी न्यूज़ के लोकप्रिय क्राइम शो ‘सनसनी’ में उनकी दमदार आवाज़, नाटकीय प्रस्तुतिकरण और घटनाओं की बारीक पड़ताल ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। उन्होंने अपराध कथाओं को केवल खबर के रूप में नहीं, बल्कि वास्तविक अनुभव के रूप में दर्शकों तक पहुंचाया।
त्रिवेदी की रिपोर्टिंग शैली में रंगमंचीय प्रशिक्षण की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। वे घटनाओं को महज़ पढ़ते नहीं, बल्कि उन्हें जीते हुए प्रस्तुत करते हैं। यही कारण है कि उनका नाम भारतीय क्राइम पत्रकारिता के अग्रणी चेहरों में शुमार किया जाता है। अभिनय और एंकरिंग के बीच संतुलन साधते हुए उन्होंने मीडिया की दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई है।
‘हम भारत के लोग’ कॉनक्लेव का उद्देश्य देश के उन व्यक्तित्वों को एक मंच पर लाना है जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। कार्यक्रम में मीडिया, सिनेमा, साहित्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।






